मंगलवार, 1 सितंबर 2026 ग्राम प्रकल्प • डिजिटल संस्करण
🌸 पावन स्मृति एवं वैचारिक आधारशिला

हमारी प्रेरणा (Our Inspirations)

'ग्राम प्रकल्प' संस्थान, इसकी मासिक पत्रिका एवं समस्त लोक-सरोकार पहलों के मूल प्रेरणा स्रोत एवं मार्गदर्शक विभूतियां।

पावन स्मृति — हमारे प्रेरणा पुंज

जिनके आदर्श, जीवन मूल्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं लोक-कल्याणकारी विचार इस प्रकल्प की रीढ़ हैं।

श्री मोहनलाल उपाध्याय

हमारे प्रेरणा पुंज • पूज्य पिताश्री
(3 फरवरी 1948 – 3 अक्टूबर 2025)
श्री मोहनलाल उपाध्याय

देवास जिले के ग्राम कमलापुर की पावन माटी में 3 फरवरी 1948 को जन्मे श्री मोहनलाल उपाध्याय जी का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। कमलापुर से ही अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात आपने उच्च शिक्षा प्राप्त की और बैंकिंग सेवा के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई दिशा दी।

आपने शाजापुर जिले में भूमि विकास बैंक (कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक) में प्रबंधक (मैनेजर) के पद पर लंबे समय तक निष्ठापूर्वक सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। अपनी सेवा के दौरान किसानों, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बहुत नज़दीक से समझने के कारण आपके मन में सदैव ग्रामोत्थान और लोक-कल्याण का भाव सर्वोपरि रहा।

एक समर्पित स्वयंसेवक के रूप में आपने समाज उत्थान और राष्ट्रवाद के लिए निरंतर कार्य किया। अपनी कर्तव्यपरायणता और सेवाभावी स्वभाव के कारण समाज में आपकी एक विशिष्ट और सम्मानीय पहचान रही। 3 अक्टूबर 2025 को भोपाल में गंभीर बीमारी के बाद आपका देहावसान हो गया।

आपने सदैव अपने परिवार की उन्नति और संस्कारों के लिए अमूल्य योगदान दिया। ‘ग्राम प्रकल्प’ की मूल परिकल्पना भी आपके ही विचारों और ग्रामीण विकास के प्रति आपकी गहरी सोच का परिणाम है। आपके आदर्श और मूल्य ही इस प्रकल्प की सबसे मजबूत नींव हैं।

श्री वल्लभ दास शर्मा

हमारे प्रेरणा पुंज • पूज्य नानाजी (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वरिष्ठ पत्रकार)
(11 अक्टूबर 1926 – 2003)
श्री वल्लभ दास शर्मा

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर कवि, वरिष्ठ जनसंपर्क कर्मी एवं निष्पक्ष पत्रकार श्री वल्लभ दास शर्मा जी का जन्म 11 अक्टूबर 1926 को ब्यावरा (मध्य प्रदेश) में हुआ था। आपका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, जन-सरोकार और सत्यनिष्ठा का प्रतीक रहा। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए आपने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ डटकर लोहा लिया। साहित्य जगत में आप अपनी ओजस्वी व चेतनाशील लेखनी के कारण ‘परिवर्तन’ उपनाम से प्रतिष्ठित रहे।

वर्ष 2003 में आपका देहावसान हुआ और वर्तमान वर्ष 2026 आपका जन्म शताब्दी वर्ष है। आपने मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग में उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) के पद पर लंबे समय तक सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। इस दौरान आपने मंदसौर, शाजापुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्य किया। अपनी बेबाक कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य स्वभाव के कारण आप अत्यंत सम्मानीय रहे। सेवानिवृत्ति के उपरांत भी आपने ‘शनिवार दर्पण’ एवं ‘चौथा संसार’ जैसे समाचार पत्रों के माध्यम से अपनी बौद्धिक सेवाएं दीं। पत्रकारिता व जनसंपर्क का आपका दीर्घ अनुभव ‘ग्राम प्रकल्प’ के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है।

श्री योगेश शर्मा

हमारे प्रेरणा पुंज • पूज्य मामाजी (राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित जनसंपर्क अधिकारी)
(13 अगस्त 1959 – 30 अप्रैल 2012)
श्री योगेश शर्मा

13 अगस्त 1959 को जन्मे श्री योगेश शर्मा जी राज्य स्तर के एक अत्यंत बौद्धिक और कुशल जनसंपर्क अधिकारी थे। हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू तीनों भाषाओं पर आपकी समान व असाधारण पकड़ थी। अपनी बहुभाषी दक्षता, उत्कृष्ट संवाद शैली और बहुआयामी प्रतिभा के कारण आपको जनसंपर्क जगत में विशिष्ट पहचान प्राप्त थी।

अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लंबे समय तक जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, जिसके कारण संपूर्ण प्रशासनिक अमला उनकी प्रतिभा का कायल रहा। प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ आपका हृदय संवेदनशील और साहित्यिक था; काव्य एवं साहित्य से भी आपका गहरा अनुराग रहा। 30 अप्रैल 2012 को आपका देहावसान हुआ। जन-संवाद की उनकी गहरी समझ और अंतिम छोर के व्यक्ति तक अपनी बात पहुंचाने का विज़न ‘ग्राम प्रकल्प’ की कार्यप्रणाली का मुख्य आधार है।

श्रद्धेय श्री मदन लाल उपाध्याय

हमारे प्रेरणा पुंज • शिक्षाविद् एवं समाज सेवी
(5 अप्रैल 1941 – 30 अगस्त 2026)
श्रद्धेय श्री मदन लाल उपाध्याय

ज्ञान-दान, ग्राम-सेवा और प्रभु-भक्ति के त्रिवेणी स्वरूप श्रद्धेय श्री मदन लाल उपाध्याय जी का जीवन शिक्षा, आध्यात्मिकता और ग्रामीण उत्थान के सुंदर समन्वय का प्रतीक रहा। आपका दृढ़ विश्वास था कि एक सशक्त, संस्कारवान और स्वावलंबी समाज की नींव गांव की जड़ों से ही मजबूत होती है।

एक समर्पित शिक्षक एवं मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक (हेड मास्टर) के रूप में आपने ग्रामीण अंचल में शिक्षा की अलख जगाई और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास व संस्कारों के बीज बोए। गाँव स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में नियमित सेवा, पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से आपने संपूर्ण समाज में नैतिक मूल्यों और समरसता का वातावरण निर्मित किया। गांव के सर्वांगीण विकास, स्वावलंबन और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने में आपका दृष्टिकोण ‘ग्राम प्रकल्प’ के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक और प्रेरणा पुंज रहेगा।