भारत केवल महानगरों की तेज़ रफ़्तार में नहीं, बल्कि उन लाखों गांवों की मौन साधना में बसता है जहाँ देश का अन्न, संस्कृति और संस्कार जन्म लेते हैं। आज जब सूचना और संवाद का अधिकांश प्रवाह केवल शहरी परिदृश्यों तक सिमट कर रह गया है, तब ग्रामीण अंचल की वास्तविक धड़कन—उनकी उपलब्धियाँ, उनकी पीड़ा और उनकी असीम संभावनाएँ—मुख्यधारा से छूटती जा रही हैं।

'ग्राम प्रकल्प' की नींव इसी मौन को मुखर वाणी देने के संकल्प पर रखी गई है।

हमारा यह प्रयास केवल एक मासिक पत्रिका या डिजिटल पोर्टल तक सीमित नहीं है। यह राम पथ की पावन यात्रा, अरण्य संस्कृति की प्राचीन धरोहर, गांवों के उपेक्षित तीर्थों की स्मृतियों और आधुनिक विकास की नीतियों को एक सूत्र में पिरोने का राष्ट्रीय अनुष्ठान है। इस प्रकल्प की सबसे बड़ी शक्ति इसकी ऊर्जावान टीम है, जहाँ अनुभवी मार्गदर्शकों के सान्निध्य में हमारे समर्पित 'गांव प्रहरी' और कर्मठ युवाओं की टोली पूरी निस्वार्थ भावना से इस संवाद तंत्र को गति दे रही है।

'ग्राम प्रकल्प' का वैचारिक अधिष्ठान पूज्य महात्मा गांधी के 'ग्राम स्वराज' के उस अमर संकल्प से शक्ति पाता है, जो भारत की आत्मा को आत्मनिर्भर गांवों में देखता है। साथ ही, यह मंच आज समाज में उन महत्वपूर्ण मूल्यों—जैसे प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण, परिवार और समाज का आपसी जुड़ाव, आपसी सौहार्द, अपनी स्वदेशी जीवन-दृष्टि और अपने नागरिक कर्तव्यों के बोध—को जीवंत रखने का संवाहक बनकर गांवों को स्वावलंबन और आंतरिक मजबूती की राह दिखाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनकी आज समाज को अत्यधिक आवश्यकता है।

कोविड के कठिन दौर में जहां शहरों में बीमारी का प्रकोप था, वहीं गांवों के पर्यावरण और अनुशासन ने हमें सुरक्षित रखा और अपनी जड़ों की याद दिलाई। अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी विजन के तहत 'स्वदेश दर्शन' जैसी केंद्रीय योजनाओं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार की 'ग्रामीण पर्यटन एवं होमस्टे' जैसी अभिनव योजनाओं के माध्यम से इस संस्कृति को फिर से जीने का अवसर मिल रहा है। इन योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर धरातल पर मूर्त रूप देने के लिए हमें भी आगे जुटना होगा, जिससे गांवों की आर्थिकी में सकारात्मक बदलाव आ सके। इसी विषय को समर्पित इस अंक को अपनाएं और अपने विचार हम तक जरूर पहुँचाएंगे।

यह समूची वैचारिक यात्रा और सामाजिक सरोकार हमें अपने बड़ों से मिले संस्कारों और पावन स्मृति की ही देन है। संस्थान की स्थापना एवं इसके समस्त प्रकल्पों का मूल आत्मबल हमारे पूज्य पिता स्वर्गीय श्री मोहनलाल उपाध्याय जी का ग्रामीण जीवन-दर्शन, पूज्य माताजी श्रीमती वृंदा उपाध्याय जी का सतत स्नेह व मार्गदर्शन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पूज्य नानाजी स्वर्गीय श्री वी. डी. शर्मा जी के राष्ट्रभक्ति व त्याग के उच्च आदर्श तथा जनसंपर्क एवं संचार क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाले पूज्य मामाजी स्वर्गीय श्री योगेश शर्मा जी का संचित अनुभव, वैचारिक मार्गदर्शन और आत्मीय आशीर्वाद है। वरिष्ठों की इसी पावन स्मृति और जीवन-मूल्यों ने हमें यह दृष्टि दी कि पत्रकारिता केवल सूचनाओं का प्रवाह नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन से सीधा सरोकार और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।

अब तक पत्रकारिता का दायरा मुख्य रूप से शहरों की सीमाओं में बंध रहा है, किंतु 'ग्राम प्रकल्प' इस परिपाटी को तोड़कर संवाद का केंद्र गांवों को बनाने आया है। यह मंच किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण जन का अपना मंच है।

गांव का विकास केवल सरकारों का ही कर्तव्य नहीं, बल्कि हम नागरिकों का भी एक कर्तव्य है, क्योंकि कहीं न कहीं हमारी कोई ना कोई पीढ़ी गांव से ही निकली है। तो चलिए फिर, अब लौट चलें गांव की ओर!

हम देश के कोने-कोने में बसे प्रत्येक ग्रामीण भाई-बहन, युवा, किसान और जागरूक नागरिक से आत्मीय आह्वान करते हैं—आप स्वयं आगे आएं, इस प्रकल्प से जुड़ें और अपनी आवाज़ बनें। अपने गांव की समस्याएं, अनकही कहानियां, समृद्ध परंपराएं और प्रेरणादायक उपलब्धियां निर्भीक होकर साझा करें। आइए, गांव और शहर के बीच की दूरी को मिटाकर, इस माटी की अस्मिता और स्वावलंबन के सबसे बड़े प्रमाण के रूप में अपनी साझी भागीदारी दर्ज कराएं।

मनीष कुमार उपाध्याय

समूह संपादक, ग्राम प्रकल्प


संस्थान: ग्राम प्रकल्प

वेबसाइट: www.gramprakalp.com, www.gramprakalp.org

ईमेल: gramprakalp@gmail.com